ब्रह्मपुराण
अध्याय – २
राजा पृथु का चरित्र
मुनियों ने कहा – लोमहर्षणजी ! पृथु के जन्म की कथा विस्तारपूर्वक कहिये | उन महत्माने इस पृथ्वीका किस प्रकार दोहन किया था ?
लोमहर्षणजी बोले – द्विजवरो ! मैं वेनकुमार पृथु की कथा विस्तार के साथ सुनाता हूँ | आप लोग एकाग्रचित्त होकर सुनें | ब्राह्मणों ! जो पवित्र नहीं रहता, जिसका हृदय खोता हैं, जो अपने शासन में नहीं हैं, जो व्रत का पालन नहीं करता तथा जो कृतघ्न और अहितकारी है – ऐसे पुरुष को मैं यह कृतघ्न और अहितकारी हैं – ऐसे पुरुष को मैं यह प्रसंग नहीं सुना सकता | यह स्वर्ग देनेवाला, यश और आयुकी वृद्धि करनेवाला, परम धन्य, वेदों के तुल्य, माननीय तथा गूढ़ रहस्य हैं | ऋषियों ने जैसा कहा हैं, वह सब मैं ज्यों-का-त्यों सुना रहा हूँ; सुनो | जो प्रतिदिन ब्राह्मणों को नमस्कार करके वेनकुमार पृथु के चरित्र का विस्तारपूर्वक कीर्तन करता हैं, उसे ‘अमुक कर्म मैंने किया और अमुक नहीं किया’ – इस बातका शोक नहीं होता | पूर्वकाल की बात हैं, अत्रि-कुल में उत्पन्न प्रजापति अंग बड़े धर्मात्मा और धर्म के रक्षक थे | वे अत्रि के समान ही तेजस्वी थे | उनका पुत्र वेन था, जो धर्म के तत्त्व को बिलकुल नहीं समझता था | उसका जन्म मृत्युकन्या सुनीथा के गर्भ से हुआ था | अपने नाना के स्वाभावदोष के कारण वह धर्मको पीछे रखकर काम और लोभ में प्रवृत्त हो गया | उसने धर्मकी मर्यादा भंग कर दी और वैदिक धर्मोका उल्लंघन करके वह अधर्म में तत्पर हो गया | विनाशकाल उपस्थित होनेके कारण उसने यह क्रूर प्रतिज्ञा कर ली थी कि ‘किसीको यज्ञ और होम नहीं करने दिया जायेगा | यजन करने योग्य, यज्ञ करनेवाला तथा यज्ञ भी मैं ही हूँ | मेरे ही लिये यज्ञ करना चाहिये | मेरे ही उद्देश्य से हवन होना चाहिये |’ इसप्रकार मर्यादा का उल्लंघन करके सब कुछ ग्रहण करनेवाले अयोग्य वेन से मरीचि आदि सब महर्षियों ने कहा – ‘वेन ! हम अनेक वर्षों के लिए यज्ञ की दीक्षा ग्रहण करनेवाले हैं | तुम अधर्म न करो | यह यज्ञ आदि कार्य सनातन धर्म हैं |’
महर्षियों को यों कहते देख खोटी बुद्धिवाले वेन ने हँसकर कहा – ‘अरे ! मेरे सिवा दूसरा कौन धर्मका स्त्रष्टा हैं | मैं किसकी बात सुनूँ | विद्या, पराक्रम, तपस्या और सत्य के द्वारा मेरी समानता करनेवाला इस भूतलपर कौन हैं ? मैं ही सम्पूर्ण प्राणियों की और विशेषत: सब धर्मो की उत्पत्तिका कारण हूँ | तुम सब लोग मुर्ख और अचेत हो, इसलिये मुझे नहीं जानते | यदि मैं चाहूँ तो इस पृथ्वीको भस्म कर दूँ, जलमें बहा दूँ या भूलोक तथा द्युलोक को भी रूँध डालूँ | इसमें तनिक भी अन्यथा विचार करने की आवश्यकता नहीं हैं |’ जब महर्षिगण वेन को मोह और अहंकार से किसी तरह हटा न सके, तब उन्हें बड़ा क्रोध हुआ | उन महात्माओं ने महाबली वेन को पकड़कर बाँध लिया | उससमय वह बहुत उछल-कूद मचा रहा था | महर्षि कुपित तो थे ही, वेन की बायीं जंघा का मंथन करने लगे | इससे एक काले रंग का पुरुष उत्पन्न हुआ, जो बहुत ही नाटा था | वह भयभीत हो हाथ जोडकर खड़ा हो गया | उसे व्याकुल देख अत्रि ने कहा –‘निषीद (बैठ जा) |’ इससे वह निषादवंश का प्रवर्तक हुआ और वेन के पाप से उत्पन्न हुए धीवरों की सृष्टि करने लगा | तत्पश्च्यात महात्माओं ने पुन: अरणी की भाँती वेन की दाहिनी भुजा का मंथन किया | उससे अग्रि के समान तेजस्वी पृथुका प्रादुर्भाव हुआ | वे भयानक टंकार करनेवाले आजगव नामक धनुष, दिव्य बाण तथा रक्षार्थ कवच धारण किये प्रकट हुए थे | उनके उत्पन्न होनेपर समस्त प्राणी बड़े प्रसन्न हुए और सब ओर से वहाँ एकत्रित होने लगे | वेन स्वर्गगामी हुआ |
महात्मा पृथु-जैसे सत्पुत्र ने उत्पन्न होकर वेन को ‘पुम’ नामक नरक से छुड़ा दिया | उनका अभिषेक करने के लिये समुद्र और सभी नदियाँ रत्न एवं जल लेकर स्वयं ही उपस्थित हुई | आंगिरस देवताओं के साथ भगवान् ब्रह्माजी तथा समस्त चराचर भूतों ने वहाँ आकर राजा पृथु का राज्याभिषेक किया | उन महाराज ने सभी प्रजाका मनोरंजन किया | उनके पिताने प्रजा को बहुत दु:खी किया था, किन्तु पृथु ने उन सबको प्रसन्न कर लिया; प्रजा का मनोरंजन करने के कारण ही उनका नाम राजा हुआ | वे सब समुद्र की यात्रा करते तब उसका जल स्थिर हो जाता था | पर्वत उन्हें जाने के लिये मार्ग दे देते थे और उनके रथ की ध्वजा कभी भंग नहीं हुई | उनके राज्य में पृथ्वी बिना जोते-बोये ही अन्न पैदा करती थी | राजाका चिन्तन करनेमात्र से अन्न सिद्ध हो जाता था | सभी गौएँ कामधेनु बन गयी थीं और पत्तों के दोने-दोने में मधु भरा रहता था | उसीसमय पृथु ने पैतामह (ब्रह्माजी से सम्बन्ध रखनेवाला) यज्ञ किया | उसमें सोमाभिषव् के दिन सूति (सोमरस निकालने की भूमि) से परम बुद्धिमान सूत की उत्पत्ति हुई | उसी महायज्ञ में विद्वान मागध का भी प्रादुर्भाव हुआ | उन दोनों को महर्षियों ने पृथु की स्तुति करने के लिये बुलाया और कहा – ‘तुम लोग इन महाराज की स्तुति करो | यह कार्य तुम्हारे अनुरूप है और ये महाराज भी इसके योग्य पात्र हैं |’ यह सुनकर सूत और मागध ने उन महर्षियों से कहा – ‘हम अपने कर्मों से देवताओं तथा ऋषियों को प्रसन्न करते हैं | इन महाराज का नाम, कर्म, लक्षण और यश – कुछ भी हमें ज्ञात नहीं है, जिससे इन तेजस्वी नरेश की हम स्तुति कर सकें |’ तब ऋषियों ने कहा – ‘भविष्य में होनेवाले गुणों का उल्लेख करते हुए स्तुति करो |’ उन्होंने वैसा ही किया | उन्होंने जो-जो कर्म बताये, उन्हीं को महाबली पृथु ने पीछे से पूर्ण किया | तभीसे लोक में सूत, मागध और वंदीजनों के द्वारा आशीर्वाद दिलाने की परिपाटी चल पड़ी | वे दोनों जब स्तुति कर चुके, तब महाराज पृथु ने अत्यंत प्रसन्न होकर अनूप देशका राज्य सूत को और मगध का मागध को दिया | पृथु को देखकर अत्यंत प्रसन्न हुई प्रजा से महर्षियों ने कहा – ‘ ये महाराज तुम्हें जीविका प्रदान करनेवाले होंगे |’ यह सुनकर सारी प्रजा महात्मा राजा पृथु की ओर दौड़ी और बोली – ‘आप हमारे लिये जीविका का प्रबंध कर दें |’ जब प्रजाओं ने उन्हें इसप्रकार घेरा, तब वे उनका हित करने की इच्छासे धनुष-बाण हाथ में ले प्रथ्वी की और दौड़े | पृथ्वी उनके भय से थर्रा उठी और गौका रूप धारण करके भागी | तब पृथु ने धनुष लेकर भागती हुई पृथ्वीका पीछा किया | पृथ्वी उनके भयसे ब्रह्मलोक आदि अनेक लोकों में गयी, किन्तु सब जगह उसें धनुष लिये हुए पृथु को अपने आगे ही देखा | अग्रि के समान प्रज्वलित तीखे बाणों के कारण उनका तेज और भी उद्दीप्त दिखायी देता था | वे महान योगी महात्मा देवताओं के लिये भी दुर्धर्ष प्रतीत होते थे | जब और कहीं रक्षा न हो सकी, तब तीनों लोकों की पूजनीया पृथ्वी हाथ जोडकर फिर महाराज पृथु की ही शरण में आयी और इसप्रकार बोली – ‘राजन ! सब लोक मेरे ही ऊपर स्थित हैं | मैं ही इस जगत को धारण करती हूँ | यदि मेरा नाश हो जाय तो समस्त प्रजा नष्ट हो जायगी | इस बातको अच्छी तरह समझ लेना | भूपाल ! यदि तुम प्रजाका कल्याण चाहते हो तो मेरा वध न करो | मैं जो बात कहती हूँ, उसे सुनो; ठीक उपायसे आरम्भ किये हुए सब कार्य सिद्ध होते हैं | तुम इस उपायपर ही दृष्टीपात करो, जिससे इस प्रजाको जीवित रख सकोगे | मेरी हत्या करके भी तुम प्रजा के पालन-पोषण में समर्थ न होगे | महामते ! तुम क्रोध त्याग दो, मैं तुम्हारे अनुकूल हो जाऊँगी | तिर्यग्योनि में भी स्त्री को अवध्य बताया गया हैं; यदि यह बात सत्य है तो तुम्हें धर्म का त्याग नहीं करना चाहिये |’
पृथु ने कहा – भद्रे ! जो अपने या पराये किसी एक के लिए बहुत-से प्राणियों का वध करता हैं, उसे अनंत पातक लगता है; परन्तु जिस अशुभ व्यक्तिका वध करनेपर बहुत-से लोग सुखी हों, उसके मारने से पातक या उपपातक कुछ नहीं लगता | अत: वसुन्धरे ! मैं प्रजाका कल्याण करनेके लिये तुम्हारा वध करूँगा | यदि मेरे कहने से आज संसारका कल्याण नहीं करोगी तो अपने बाणसे तुम्हारा नाश कर दूँगा और अपनेको ही पृथ्वीरूप में प्रकट करके स्वयं ही प्रजा को धारण करूँगा; इसलिये तुम मेरी आज्ञा मानकर समस्त प्रजाकी जीवन-रक्षा करो; क्योंकि तुम सबके धारण में समर्थ हो | इस समय मेरी पुत्री बन जाओ; तभी मैं इस भयंकर बाण को, जो तुम्हारे वध के लिये उद्यत हैं, रोकूँगा |
पृथ्वी बोली – वीर ! नि:संदेह मैं यह सब कुछ करूँगी | मेरे लिये कोई बछड़ा देखो, जिसके प्रति स्नेहयुक्त होकर मैं दूध दे सकूँ | धर्मात्माओं में श्रेष्ठ भूपाल ! तुम मुझे सब ओर बराबर कर दो, जिससे मेरा दूध सब ओर बह सके |
तब राजा पृथु ने अपने धनुष की नोक से लाखों पर्वतों को उखाड़ा और उन्हें एक स्थानपर एकत्रित किया | इससे पर्वत बढ़ गये | इससे पहले की सृष्टि में भूमि समतल न होने के कारण पुरों अथवा ग्रामों का कोई सीमाबद्ध विभाग नहीं हो सका था | उससमय अन्न, गोरक्षा, खेती और व्यापार भी नहीं होते थे | यह सब तो वेन-कुमार पृथु के समय से ही आरम्भ हुआ है | भूमिका जो-जो भाग समतल था, वहीँ-वहीपर समस्त प्रजाने निवास करना पसंद किया | उस समयतक प्रजाका आहार केवल फल-मूल ही था और वह भी बड़ी कठिनाई से मिलता था | राजा पृथुने स्वायम्भुव मनु को बछड़ा बनाकर अपने हाथ में ही पृथ्वी को दुहा | उन प्रतापी नरेश ने पृथ्वी से सब प्रकार के अन्नों का दोहन किया | उसी अन्नसे आज भी सब प्रजा जीवन धारण करती है | उससमय ऋषि, देवता, पितर, नाग, दैत्य, यक्ष, पुण्यजन, गंधर्व, पर्वत और वृक्ष – सबने पृथ्वी को दुहा | उनके दूध, बछड़ा, पात्र और दुह्नेवाला- ये सभी पृथक-पृथक थे | ऋषियों के चन्द्रमा बछड़ा बने, बृहस्पति ने दुहने का काम किया, तपोमय ब्रह्म उनका दूध था और वेद ही उनके पात्र थे | देवताओं ने सुवर्णमय पात्र लेकर पुष्टिकारक दूध दुहा | उनके लिए इंद्र बछड़ा बने और भगवान् सूर्य ने दुहनेका काम किया | पितरों का चाँदी का पात्र था | प्रतापी यम बछड़ा बने, अन्तक ने दूध दुहा | उनके दूध को ‘स्वधा’ नाम दिया गया हैं | नागों ने तक्षक को बछड़ा बनाया | तुम्बीका पात्र रखा | ऐरावत नागसे दुहने का काम लिया और विषरूपी दुग्ध का दोहन किया | असुरों में मधु दुहनेवाला बना | उसने मायामय दूध दुहा | उससमय विरोचन बछड़ा बना था और लोहे के पात्र में दूध दुहा गया था | यक्षों का कच्चा पात्र था | कुबेर बछड़ा बने थे | रजतनाभ यक्ष दुहनेवाला था और अन्तर्धान होने की विद्या ही उनका दूध था | राक्षसेन्द्रों में सुमाली नामका राक्षस बछड़ा बना | रजतनाम दुह्नेवाला था | उसने कपालरूपी पात्र में शोणितरूपी दूध का दोहन किया | गन्धर्वों में चित्ररथ ने बछड़े का काम पूरा किया | कमल ही उनका पात्र था | सुरुचि दुह्नेवाला था और पवित्र सुगंध ही उनका दूध था | पर्वतों में म्हागिरि मेरु ने हिमवान को बछड़ा बनाया और स्वयं दुह्नेवाला बनकर शिलामय पात्र में रत्नों एवं ओषधियों को दूध के रूप में दुहा | वृक्षों में प्लक्ष (पाकड़) बछड़ा था | खिले हुए शाल के वृक्ष ने दुहने का काम किया | पलाश का पात्र था और जल ने तथा कटनेपर पुन: अंकुरित हो जाना ही उनका दूध था |
इसप्रकार सबका धारण-पोषण करनेवाली यह पावन वसुंधरा समस्त चराचर जगत की आधारभूता तथा उत्पत्तिस्थान हैं | यह सब कामनाओं को देनेवाली तथा सब प्रकार के अन्नों को अंकुरित करनेवाली है | गोरुपा पृथ्वी मेदिनी के नामसे विख्यात हैं | यह समुद्रतक पृथु के ही अधिकार में थी | मधु और कैटभ के मेद से व्याप्त होने के कारण यह मेदिनी कहलाती है | फिर राजा पृथु की आज्ञा के अनुसार भूदेवी उनकी पुत्री बन गयी, इसलिये इसे पृथ्वी भी कहते हैं | पृथु ने इस पृथ्वीका विभाग और शोधन किया, जिससे यह अन्न की खान और समृद्धिशालिनी बन गयी | गाँवों और नगरों के कारण इसकी बड़ी शोभा होने लगी | वेन-कुमार महाराज पृथुका ऐसा ही प्रभाव था | इसमें संदेह नहीं कि वे समस्त प्राणियों के पूजनीय और वन्दनीय हैं | वेद-वेदांगों के पारंगत विद्वान ब्राह्मणों को भी महाराज पृथु की ही वंदना करनी चाहिये, क्योंकि वे सनातन ब्रह्मयोनि हैं | राज्य की इच्छा रखनेवाले राजाओं के लिये भी परम प्रतापी महाराज पृथु ही वन्दनीय हैं | युद्ध में विजय की कामना करनेवाले पराक्रमी योद्धाओं को भी उन्हें मस्तक झुकाना चाहिये | क्योंकि योद्धाओं में वे अग्रगण्य थे | जो सैनिक राजा पृथु का नाम लेकर संग्राम में जाता हैं, वह भयंकर संग्राम से भी सकुशल लौटता है और यशस्वी होता है | वैश्यवृत्ति करनेवाले धनि वैश्यों को भी चाहिये कि वे महाराज पृथु को नमस्कार करें, क्योंकि राजा पृथु सबके वृत्तिदाता और परम यशस्वी थे | इस संसार में परमकल्याण की इच्छा रखनेवाले तथा तीनों वर्णों की सेवामें लगे रहनेवाले पवित्र शुदों के लिये भी राजा पृथु ही वन्दनीय हैं | इसप्रकार जहाँ पृथ्वी को दुहने के लिये जो विशेष-विशेष बछड़े, दुहनेवाले, दूध तथा पात्र कल्पित किये गये थे , उन सबका मैंने वर्णन किया |
– नारायण नारायण –
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें